रबी सीजन की प्रमुख फसलों में से एक सरसों बिजाई की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। ज्यादा से ज्यादा किसानों तक उच्च किस्म सरसों बीज पहुंच सकें इसके लिए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने निजी कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। HAU कुलपति बीआर कंबोज ने बताया कि साहिब सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, घरौंडा (करनाल) के साथ MoU हुआ है जो किसानों को सरसों की नई किस्में RH-1975 और RHH-2101 का बीज तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराएंगी।
RH-1975 की खासियत
HAU के अनुसंधान निदेशक डॉ राजबीर गर्ग ने बताया कि यह किस्म लगभग 12 क्विंटल प्रति एकड़ औसत उत्पादन तथा 14-15 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन क्षमता रखने वाली किस्म है। इस किस्म में तेल की मात्रा लगभग 40% है। पैदावार और तेल की मात्रा अधिक होने के चलते यह किस्म अन्य किस्मों के मुकाबले किसानों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
RHH-2101 की खासियत
मात्र 142 दिन में पककर तैयार होने वाली इस किस्म की औसत उत्पादन क्षमता 28-30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है। इस किस्म में शाखाओं की संख्या ज्यादा होती है तथा प्रति फलियों में दानों की ज्यादा भी ज्यादा होती है। इस किस्म में तेल की मात्रा लगभग 40% होती है।
बिजाई का उपयुक्त समय
सरसों की बिजाई के लिए उपयुक्त समय अक्टूबर महीने का दूसरा पखवाड़ा यानी 15-31 अक्टूबर है। इसके बाद 10 नवंबर तक पछेती सरसों की बिजाई की जा सकती है। पछेती बिजाई में पैदावार प्रभावित होती है और बीमारियों का खतरा भी ज्यादा रहता है। इसलिए समय रहते बिजाई कर अच्छी पैदावार हासिल कर सकते हैं।
HAU में विकसित RH- 1975 और RHH- 2101 किस्मों को ज्यादा किसानों तक पहुंचाने के लिए निजी कंपनी के साथ MoU किया गया है। किसानों को विश्वसनीय किस्मों का बीज एवं उपलब्ध करवाकर प्रदेश एवं देश के खाद्य उत्पादन में बढ़ोतरी की जा सकती है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। प्रो. बीआर काम्बोज, कुलपति, HAU।















Leave a Reply