हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसी कड़ी में रोहतक रोडवेज डिपो द्वारा माता बगलामुखी देवी दर्शन एक्सप्रेस के नाम से सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को बड़ी सौगात दी गई है।
माता बगलामुखी देवी दर्शन एक्सप्रेस का शेड्यूल
यह बस रोहतक बस स्टैंड से दोपहर 12.10 बजे रवाना होकर 12.45 बजे गोहाना, डेढ़ बजे पानीपत, ढाई बजे करनाल, पौने 4 बजे अंबाला, शाम 6 बजे चंडीगढ़ सेक्टर-43 बस स्टैंड, रात 9 बजे ऊना और रात 12 बजे धर्मशाला पहुंच जाएगी। यहां से श्रद्धालु ऑटो- टैक्सी के जरिए माता बगलामुखी मंदिर के लिए प्रस्थान कर सकते हैं।
इसी प्रकार वापसी में यह बस अगले दिन सुबह 07.20 बजे धर्मशाला से रवाना होकर 08.10 बजे कांगड़ा, दोपहर ढाई बजे चंडीगढ़ सेक्टर-17 बस स्टैंड और रात 8 बजे तक रोहतक बस स्टैंड आगमन करेगी। बीच रास्ते यह बस दोनों दिशाओं में गोहाना, पानीपत, करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला कैंट, चंडीगढ़, आनंदपुर साहिब, ऊना, चिंतपूर्णी, रानीताल और कांगड़ा बस स्टैंड पर ठहराव करेगी। इस बस में रोहतक से धर्मशाला के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 830 रुपए निर्धारित किया गया है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
रोहतक रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि इस सीधी बस सेवा के संचालन से धर्मशाला और माता बगलामुखी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत पहुंचेगी। उन्हें अपने नजदीकी बस स्टैंड से सीट की सुविधा मिलेगी जिससे उनकी लंबी दूरी की यात्रा आरामदायक हो जाएगी। उन्हें बीच रास्ते बार-बार बस बदलने के झंझट से छुटकारा मिलेगा। वहीं, रोहतक से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त बस सेवा का लाभ मिलेगा।














Leave a Reply