हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। स्कूलों की खस्ताहाल स्थिति से जूझ रहे छात्रों को राहत प्रदान करते हुए प्रदेश सरकार ने घोषणा की हैं कि 700 जर्जर स्कूलों को एक साल के भीतर नए भवन मिल जाएंगे।
इसके साथ ही 719 उत्कृष्ट स्कूलों में न्यूनतम 10 कम्प्यूटर वाली आईटी लैब स्थापित की जाएगी। जिससे बच्चों को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक की बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस संबंध में कम्प्यूटर खरीद प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
पेयजल जांच अनिवार्य
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में नियमित रूप से पेयजल की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए हैं ताकि छात्रों को पीने के लिए शुद्ध और सुरक्षित पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस कदम से क्या होगा
- सरकारी स्कूलों की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।
- शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
- छात्रों को डिजिटल और आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा।
- स्कूल परिसर के भीतर स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण बनेगा।
700 जर्जर स्कूलों को एक साल के भीतर नई बिल्डिंग का स्वरूप दिया जाएगा। साथ ही आईटी लैब और पेयजल गुणवत्ता जांच जैसे कदम उठाए गए हैं। स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने और छात्रों को बिजली-पानी, साफ पानी, साफ-सुथरे शौचालय, साफ-सफाई, खेल मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहे हैं। महिपाल ढांडा, शिक्षा मंत्री, हरियाणा सरकार।
















Leave a Reply