सफलता के शिखर पर पहुंचने का रास्ता मुश्किल हो सकता है लेकिन इरादे मजबूत हो तो हर मुश्किल से निपटा जा सकता है। कुछ ऐसी ही कहानी महेंद्रगढ़ जिले के गांव कोटिया की बेटी शीतल यादव की हैं जिन्होंने शुरूआती असफलताओं और संघर्षों के बाद भी हार नहीं मानी और सिविल सर्विस परीक्षा में एक सफल मुकाम हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनका यह सफर आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
HPSC परीक्षा में शामिल की 26वीं रैंक
हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) द्वारा आयोजित HCS परीक्षा में शीतल यादव ने पूरे हरियाणा में 26वीं रैंक हासिल कर अफसर बनने का मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपनी सफलता से परिवार और गांव ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अपनी प्राथमिक शिक्षा गाहड़ा के सरकारी विद्यालय से प्राप्त करने के बाद शीतल यादव ने उच्च शिक्षा के लिए पंचकूला और चंडीगढ़ का रूख किया। बचपन से ही पढ़ाई में होशियार रही शीतल ने स्नातक में यूनिवर्सिटी में दूसरा स्थान हासिल कर अपने आप को साबित कर दिया कि उनमें प्रतिभा कूट-कूट कर भरी हुई है।
दादा का सपना किया साकार
शीतल यादव ने बताया कि उनके स्वर्गीय दादा दयाराम हमेशा उन्हें पढ़-लिख कर बड़ा अधिकारी बनने के लिए प्रेरित करते थे। इससे पहले भी वह HCS परीक्षा में इंटरव्यू तक पहुंच चुकी है लेकिन फाइनल लिस्ट में जगह नहीं बना पाई। अब उन्होंने HCS में सफलता हासिल कर अपने स्वर्गीय दादा के सपने को साकार कर दिखाया है, जिसकी उन्हें अपार खुशी है। पेशे से टीचर माता-पिता सुमरत देवी और हरपाल ने बताया कि बेटी की कड़ी मेहनत और अनुशासन का सकारात्मक परिणाम मिला हैं जिसकी उन्हें बेहद खुशी है।
शीतल ने बताया कि इंसान को असफलताओं से कभी घबराना नहीं चाहिए बल्कि दुगुनी ताकत से आगे बढ़ना चाहिए। यदि आप निरंतर कड़ी मेहनत और अनुशासन से प्रयास करते रहेंगे तो सफलता ज्यादा दिन तक आपसे दूर नहीं रह सकती है। उन्होंने बताया कि अब वह पूरी ईमानदारी और सच्चाई के साथ अपने पद का निर्वाहन करते हुए देशसेवा में अपना बहुमूल्य योगदान देने का काम करेगी।
















Leave a Reply