हरियाणा परिवहन विभाग ने यात्रियों को एक और शानदार तोहफा दिया है। त्यौहारी सीजन पर हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए रोहतक रोडवेज डिपो ने सीधी बस सेवा शुरू कर दी है। यह बस वाया चंडीगढ़, मंडी, मनाली होते हुए पंडोह डैम तक सफर तय करेगी।
यह रहेगा शेड्यूल
हिमाचल प्रदेश के पंडोह डैम तक शुरू की गई इस सीधी बस सेवा को पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस रोहतक बस स्टैंड से सुबह लगभग साढ़े 11 बजे रवाना होकर रात 11 बजे पंडोह डैम पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह 5 बजे पंडोह डैम से रवाना होकर शाम 6 बजे रोहतक बस स्टैंड पर आगमन करेगी।
रोहतक बस स्टैंड से रवाना होकर यह बस वाया गोहाना, पानीपत, करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला होते हुए चंडीगढ़ और आगे बिलासपुर, मंडी और कुल्लू- मनाली होते हुए पंडोह डैम पहुंचेगी। इस बस में रोहतक से पंडोह डैम तक प्रति व्यक्ति यात्री किराया 750 रुपए निर्धारित किया गया है।
दिल्ली की भागदौड़ होगी खत्म
रोहतक डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थल मनाली के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने पर रोहतक सहित आसपास के इलाकों को लोगों को सीधा फायदा होगा। उन्हें मनाली के लिए बस पकड़ने दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी। वहीं, रोहतक से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त बस सेवा का लाभ मिलेगा। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने बताया कि साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा उपलब्ध कराकर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है।














Leave a Reply