हरियाणा के फरीदाबाद में पति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पल्ला थाना क्षेत्र की श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में 37 वर्षीय गोपाल की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच के अनुसार, इस मामले में मृतक की पत्नी काजल (36) और उसके कथित प्रेमी योगेंद्र (37) की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या को काजल ने अंजाम दिया, जबकि योगेंद्र पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। वारदात के समय उसके मौके पर मौजूद नहीं होने की बात सामने आई है।
यूपी के हाथरस का रहने वाला था गोपाल
जानकारी के मुताबिक, गोपाल उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के कुंवरपुर गांव का निवासी था। वह फरीदाबाद के डीएलएफ इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था और श्याम कॉलोनी पार्ट-1 में किराए के मकान में रहता था। उसकी पत्नी काजल अपने तीन बच्चों—एक बेटी और दो बेटों—के साथ गांव में रहती थी।
प्रेम संबंधों को लेकर पति-पत्नी में होता था विवाद
मृतक के भाई भूरा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि काजल के गांव के रहने वाले योगेंद्र के साथ प्रेम संबंध थे। योगेंद्र पेशे से बाउंसर बताया जा रहा है और पहलवानी भी करता है। शिकायत के अनुसार, इसी बात को लेकर गोपाल और काजल के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस इस विवाद और कथित प्रेम संबंधों को हत्या की साजिश से जोड़कर जांच कर रही है।
सोते समय गर्दन पर चाकू से किए कई वार
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ दिन पहले काजल अपने तीनों बच्चों को लेकर फरीदाबाद आई थी और श्याम कॉलोनी में एक रिश्तेदार के घर ठहरी हुई थी। गोपाल भी रिश्तेदारी के चलते वहां आता-जाता था।
आरोप है कि वारदात वाली रात गोपाल शराब के नशे में घर पहुंचा और कमरे में सो गया। बच्चे दूसरे कमरे में थे। इसी दौरान काजल ने कथित तौर पर सोते हुए गोपाल की गर्दन पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कमरे में खून से लथपथ मिला शव
घटना की जानकारी मिलने पर गोपाल के परिजन मौके पर पहुंचे तो कमरे में उसका शव खून से लथपथ मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमले के गहरे निशान थे। सूचना मिलने के बाद पल्ला थाना पुलिस और अपराध शाखा डीएलएफ की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने काजल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार की। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कथित साजिशकर्ता योगेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
हाथरस से प्रेमी को बुलाने के आरोप की भी जांच
जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि काजल ने कथित तौर पर योगेंद्र को हाथरस से फरीदाबाद बुलाया था। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू समेत हत्या की कथित साजिश और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या और साजिश का मामला
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, मृतक के भाई की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद गोपाल का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
















Leave a Reply