हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां जल्द ही डिपो परिसर में डीजल पंप की सुविधा शुरू हो रही है जिससे बसों को ईंधन के लिए नारनौल जाने की समस्या से छुटकारा मिलेगा। इसके साथ ही सब डिपो को 50 नई बसें आवंटित की गई है।
रोडवेज बेड़े को मिलेगी मजबूती
नारनौल डिपो से ट्रांसफर होकर महेंद्रगढ़ सब-डिपो को करीब 50 नई बसें आवंटित की गई है। इतनी बड़ी संख्या में रोडवेज बेड़े में नई बसें शामिल होने पर रोजाना डीजल की व्यवस्था करना रोडवेज प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
महेंद्रगढ़ से रोडवेज बसों को ईंधन के लिए नारनौल तक भागदौड़ करनी पड़ती थी। इससे न केवल चालकों का अतिरिक्त समय बर्बाद हो रहा था बल्कि बेवजह ईंधन और विभागीय संसाधनों की खपत भी हो रही थी। ऐसे में अब महेंद्रगढ़ में ही इन-हाउस पंप शुरू होने से बसों का नारनौल चक्कर लगाने का झंझट पूरी तरह से खत्म हो जाएगा।
यात्रियों को मिलेगी सुविधा
रोडवेज महाप्रबंधक देवीदत्त ने बताया कि एनओसी की समस्या दूर होने के साथ ही डिपो में फ्यूल पंप स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूर्ण होते ही बसों के लिए डीजल आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। वही, रोडवेज बेड़े में नई बसें शामिल होने पर यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। इन नई बसों को लंबे रूट्स पर संचालित किया जाएगा। लंबे रूट पर पहले से चल रही बसों को ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कर गांवों से शहर के लिए यातायात सुविधा को मजबूत किया जाएगा।
















Leave a Reply